भारत आएंगे ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, BRICS में होंगे शामिल

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान अगले महीने भारत दौरे पर आएंगे। वह 12 और 13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। ईरान ने शुक्रवार को राष्ट्रपति पेजेशकियान की भारत यात्रा की पुष्टि की है। इस साल BRICS की अध्यक्षता भारत कर रहा है और शिखर सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली में किया जाएगा।

राष्ट्रपति पेजेशकियान का भारत दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है। उनकी यात्रा के दौरान भारत और ईरान के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय हालात पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। भारत लगातार पश्चिम एशिया में तनाव कम करने और सभी पक्षों के बीच बातचीत के जरिए विवादों का समाधान निकालने की वकालत करता रहा है।

ईरान 2024 में BRICS का पूर्ण सदस्य बना था। इसके बाद से तेहरान इस मंच के जरिए आर्थिक और राजनीतिक सहयोग बढ़ाने पर जोर देता रहा है। जून में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आए थे। उस दौरान उन्होंने कहा था कि भारत पश्चिम एशिया में तनाव कम करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है और ईरान भारत की किसी भी रचनात्मक भूमिका का स्वागत करेगा।

राष्ट्रपति पेजेशकियान ने अक्टूबर 2024 में रूस के कजान में आयोजित BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रिश्तों और पश्चिम एशिया समेत क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने उस दौरान चाबहार बंदरगाह और भारत-ईरान सहयोग के महत्व पर भी जोर दिया था।

भारत और ईरान के बीच हाल के महीनों में कूटनीतिक संपर्क भी बढ़ा है। जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान पश्चिम एशिया के हालात और क्षेत्रीय शांति पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान निकालने के साथ-साथ होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही और व्यापार की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया था।

अब पेजेशकियान की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच संबंधों और पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.