दिसंबर में घूमना है राजस्थान? IRCTC लाया 10 दिन का शानदार टूर पैकेज, जानें किराया और पूरी डिटेल
दिसंबर की छुट्टियों में राजस्थान घूमने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन फ्लाइट, होटल और घूमने की जगहों की बुकिंग का झंझट नहीं चाहते? तो आपके लिए अच्छी खबर है। IRCTC लेकर आया है 'हेरिटेज टूर ऑफ राजस्थान' पैकेज, जिसके जरिए आप 10 दिनों में राजस्थान की कई मशहूर जगहों की सैर कर सकते हैं। यह टूर 5 दिसंबर 2026 से शुरू होगा और भुवनेश्वर से फ्लाइट के जरिए यात्रा कराई जाएगी।
10 दिनों में घूमें राजस्थान के शानदार शहर
इस टूर की शुरुआत जयपुर से होगी। यहां पर्यटक हवा महल, जंतर-मंतर, सिटी पैलेस और आमेर किला देख सकेंगे। साथ ही चौखी धाणी में राजस्थानी डिनर का आनंद भी मिलेगा। इसके बाद पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर और पुष्कर झील घूमने का मौका मिलेगा।यात्रा के अगले पड़ाव में चित्तौड़गढ़ किला और विजय स्तंभ देखने के बाद उदयपुर पहुंचेंगे। यहां तीन रातों के ठहराव के दौरान माउंट आबू, नक्की झील, दिलवाड़ा मंदिर, एकलिंगजी, हल्दीघाटी, रणकपुर मंदिर और कुंभलगढ़ किले की सैर होगी। इसके बाद जोधपुर के मेहरानगढ़ किले और उम्मेद भवन म्यूजियम के साथ जैसलमेर के डीलक्स डेजर्ट कैंप में एक रात बिताने का अनुभव मिलेगा।
कितना होगा टूर का खर्च?
IRCTC ने यात्रियों के लिए अलग-अलग किराया तय किया है।
सिंगल शेयरिंग: ₹92,615 प्रति व्यक्ति
डबल शेयरिंग: ₹72,050 प्रति व्यक्ति
ट्रिपल शेयरिंग: ₹67,840 प्रति व्यक्ति
5-11 साल के बच्चे (बेड के साथ): ₹59,360
बिना बेड: ₹53,250
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
इस पैकेज में भुवनेश्वर से जयपुर और जोधपुर से वापसी की फ्लाइट, 3-स्टार स्तर के होटल, डेजर्ट कैंप में स्टे, रोजाना ब्रेकफास्ट और डिनर, एसी बस, टूर मैनेजर और ट्रैवल इंश्योरेंस शामिल हैं। हालांकि, लंच, प्रवेश टिकट, गाइड फीस और निजी खर्च यात्रियों को खुद उठाने होंगे।
बुकिंग से पहले जान लें जरूरी बातें
यह ग्रुप टूर है, इसलिए सभी यात्रियों को तय समय के अनुसार चलना होगा। वरिष्ठ नागरिकों का मेडिकल चेकअप जरूरी है और 75 साल से अधिक उम्र के यात्रियों के साथ युवा पारिवारिक सदस्य होना अनिवार्य है। टिकट कैंसिल करने पर नियमों के अनुसार 30 से 100 प्रतिशत तक शुल्क कट सकता है। बुकिंग से पहले IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्धता और सभी शर्तें जरूर जांच लें।

No Previous Comments found.