ईशा सिंह का फूटा गुस्सा, अविनाश मिश्रा को दी सबूतों के साथ बेनकाब करने की धमकी, रजत दलाल ने भी लगाई लताड़
टीवी इंडस्ट्री के चर्चित चेहरे ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के रिश्ते को लेकर चल रहा विवाद अब लगातार बढ़ता जा रहा है। ब्रेकअप और चीटिंग की चर्चाओं के बीच अब ईशा सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सोशल मीडिया पर ऐसा पोस्ट शेयर किया है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। ईशा ने बिना नाम लिए किसी पर पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि अगर उन्हें और परेशान किया गया तो वह सभी सबूत और सही नामों के साथ सच्चाई सामने रख देंगी।
दरअसल, ईशा का यह बयान अविनाश मिश्रा की उस पोस्ट के बाद आया, जिसमें उन्होंने लोगों से अपनी निजी जिंदगी और रिश्तों की प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की थी। इस पर ईशा ने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ प्राइवेसी की बात करना और दूसरी तरफ खुद निजी बातों को मनोरंजन बनाना सही नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए।ईशा ने अपनी अगली इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि उन्हें इस हद तक मजबूर न किया जाए कि वह हर सबूत सबके सामने रख दें। उन्होंने यह भी कहा कि वह पहले ही ऐसे शख्स पर भरोसा करने की गलती कर चुकी हैं, जिसने उनकी पीठ में छुरा घोंपा।
अविनाश ने की थी प्राइवेसी बनाए रखने की अपील
विवाद बढ़ने से पहले अविनाश ने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर किया था। इसमें उन्होंने मीडिया पेजों और यूजर्स से अपील की थी कि रिश्तों को पब्लिक एंटरटेनमेंट न बनाया जाए और सभी को अपनी जिंदगी शांति से जीने दी जाए।
मां का वायरल ऑडियो बना विवाद की वजह
इस पूरे मामले ने तब तूल पकड़ा जब ईशा सिंह की मां का कथित वॉइस नोट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें उन्होंने ईशा और अविनाश के रिश्ते को परिवार की मंजूरी मिलने की बात कही थी। साथ ही रिश्ते में धोखे और विवाद का भी जिक्र किया था।
रजत दलाल ने भी अविनाश को दी चेतावनी
अब इस विवाद में बिग बॉस 18 में ईशा के साथ रहे रजत दलाल भी शामिल हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रजत ने अविनाश को ईशा से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वह अविनाश को चार बार प्यार से समझा चुके हैं कि ईशा से दूर रहें। रजत ने सोशल मीडिया पेजों से भी बिना सच्चाई जाने खबरें न चलाने की अपील की है।फिलहाल इस पूरे विवाद पर दोनों की तरफ से लगाए जा रहे आरोपों और सोशल मीडिया पोस्ट के बीच फैंस की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ईशा वाकई उन सबूतों को सार्वजनिक करेंगी, जिनका उन्होंने जिक्र किया है।

No Previous Comments found.