बेंगलुरु में ISRO मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन के बाद राहत
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्यालय में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों तक चली जांच के बाद परिसर से कोई भी संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई और ईमेल को फर्जी करार दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक एवं बम खोजी दस्ता (बीडीडीएस) मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों को एहतियातन बाहर निकाला गया। इसके बाद पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई, लेकिन किसी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने धमकी को झूठा बताया है। फिलहाल संजयनगर थाना पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
हाल के महीनों में देश के कई सरकारी संस्थानों, स्कूलों, अस्पतालों और हवाई सेवाओं को भी इस तरह के फर्जी धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। इसी क्रम में दिल्ली पुलिस ने हाल ही में एयर इंडिया की एक उड़ान समेत कई संस्थानों को बम की झूठी धमकियां भेजने के मामले में गाजियाबाद के 36 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा है।
No Previous Comments found.