एसजेपीयू व एएचटी की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक संपन्न

इटावा : जनपद इटावा में महिला एवं बाल सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में SJPU एवं AHT (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध श्री सुबोध गौतम एवं क्षेत्राधिकारी लाइन श्री प्रेम कुमार थापा के कुशल नेतृत्व में हुई, जबकि थाना प्रभारी AHTU भी बैठक में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों से सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराया गया। विशेष रूप से बाल श्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम, गुमशुदा बालक/बालिका (धारा 137(2) बीएनएस) से संबंधित प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पॉक्सो अधिनियम 2012, जेजे एक्ट 2015 तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण नियमावली 2020 के अंतर्गत सहायक व्यक्तियों की भूमिका और जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया। बाल कल्याण समिति इटावा द्वारा थानों पर नियुक्त पुलिस बाल कल्याण अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि धारा 137(2) बीएनएस व पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रारूप (क) व (ख) भरना अनिवार्य होगा।

इसके साथ ही बालक-बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में बाल कल्याण समिति, महिला कल्याण विभाग, जीआरपी इटावा, महिला थाना, एसजेपीयू तथा जनपद के सभी थानों से आए पुलिस बाल कल्याण अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

यह बैठक जनपद इटावा में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर प्रशासन की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे भविष्य में अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को समय पर न्याय सुनिश्चित किया जा सकेगा।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.