मिशन शक्ति 5.0 के तहत थाना वैदपुरा पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा और नए कानूनों के प्रति किया जागरूक
इटावा : उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हेतु चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के अंतर्गत जनपद इटावा में जागरूकता कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में थाना वैदपुरा पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं के बीच पहुंचकर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में अहम जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को वर्तमान परिदृश्य में साइबर अपराधों से बचाव के प्रति विशेष रूप से सचेत किया। उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके सिखाए गए और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की सलाह दी गई। इसके साथ ही, देश में लागू हुए नए आपराधिक कानूनों, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने जोर देते हुए कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करें। इसके लिए महिलाओं को 112, 1090 (महिला पावर लाइन), 181, 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में बताया गया। जागरूकता कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें। इटावा पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.