इटावा पुलिस के 'ऑपरेशन मुस्कान' ने लौटाई परिवार की खुशियाँ: राह भटके मासूम के लिए 'देवदूत' बनी वैदपुरा पुलिस

इटावा : खाकी की संवेदनशीलता और तत्परता ने आज एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 5.0' और 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत थाना वैदपुरा पुलिस ने एक बिछड़े हुए 8 वर्षीय मासूम बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही ने न केवल एक बच्चे को सुरक्षित बचाया, बल्कि एक परिवार की उजड़ती खुशियाँ भी वापस लौटा दीं।

 थाना वैदपुरा पुलिस और मिशन शक्ति की संयुक्त टीम क्षेत्र में मुस्तैदी से गश्त पर थी। इसी दौरान वैदपुरा चौराहे से खरदूली मार्ग की ओर एक बालक अकेला और बेहद डरा-सहमा हुआ दिखाई दिया। बालक की स्थिति देख पुलिस टीम ने तत्काल उसे अपनी सुरक्षा में लिया और बड़ी ही आत्मीयता से उससे पूछताछ की। बालक की पहचान अनुराग (08 वर्ष) पुत्र भानू प्रताप, निवासी ग्राम नगला हरे, थाना वैदपुरा के रूप में हुई।

थानाध्यक्ष नागेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना समय गवाए बालक के परिजनों से संपर्क साधा। कानूनी औपचारिकताओं के बाद मासूम अनुराग को उसके नाना-नानी के सुपुर्द कर दिया गया। अपने जिगर के टुकड़े को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। उन्होंने पुलिस टीम की कर्तव्यनिष्ठा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और उन्हें 'Angels in Khaki' की संज्ञा दी।
इस सराहनीय कार्य को सफल बनाने वाली टीम में थानाध्यक्ष नागेन्द्र चौधरी के साथ कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल प्रमोद कुमार और महिला कांस्टेबल अंजली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के इस मानवीय चेहरे की पूरे जनपद में चर्चा और सराहना हो रही है।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.