इटावा की चकरनगर पुलिस ने दबोचा चूल्हा बेचने वाला शातिर गिरोह,गड्ढे में गिरी कार ने खोल दी पोल

​इटावा : जनपद के चकरनगर थाना क्षेत्र में एक बेहद फिल्मी वाकया सामने आया है, जहाँ खुद को सेल्समैन बताने वाले शातिर चोरों का भंडाफोड़ हुआ है। ये शातिर अपराधी दिन के उजाले में चूल्हा और इंडक्शन बेचने के बहाने गांव की गलियों में रेकी करते थे और मौका मिलते ही कीमती बकरियों को अपनी टाटा टियागो कार में भरकर रफूचक्कर हो जाते थे। लेकिन इस बार चकरनगर पुलिस की मुस्तैदी और चोरों की बदकिस्मती ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुँचा दिया। दरअसल, चकरनगर निवासी अवधेश कुमार के घर के बाहर बंधी दो बकरियों को समेटकर भागते समय इन चोरों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा धंसी, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

​जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, थाना चकरनगर के प्रभारी निरीक्षक श्री बलराम मिश्रा ने मोर्चा संभाला और अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर जा पहुँचे। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मौके से तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान मैनपुरी के थाना एलाऊ निवासी सत्यवीर पुत्र सूरजपाल बन्जारा, विपुल सिंह पुत्र मोर्ध्वज और मोरध्वज पुत्र होरीलाल बन्जारा के रूप में हुई है। पुलिस की इस सफल कार्रवाई में उप-निरीक्षक श्री बृजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल कामता प्रसाद और कांस्टेबल मोनू कुमार ने अहम भूमिका निभाई। पकड़े गए आरोपियों के पास से न सिर्फ चोरी की दो बकरियां और घटना में प्रयुक्त टाटा टियागो कार बरामद हुई, बल्कि उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, रस्सी काटने वाली धारदार ब्लेड और रेकी के लिए इस्तेमाल होने वाला चूल्हा व इंडक्शन भी जब्त किया गया है।
​पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिस की पूछताछ में कबूला कि वे लोग चूल्हा बेचने की आड़ में पूरे इलाके की रेकी करते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो और वे आसानी से चोरी की वारदात को अंजाम दे सकें। एसएसपी इटावा के निर्देशन में हुई इस त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु.अ.सं. 21/2026 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही अपराध में इस्तेमाल की गई सफेद टाटा टियागो कार को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। इलाके में इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्यशैली की जमकर तारीफ हो रही है।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.