वैदपुरा थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी की तत्परता रंग लाई, रास्ता भटकी 10 वर्षीय साजिया को परिवार से मिलाया
इटावा : उत्तर प्रदेश की इटावा पुलिस ने एक बार फिर इंसानियत की बड़ी मिसाल पेश की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चल रहे 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत थाना वैदपुरा के थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी ने अपनी टीम के साथ मिलकर कमाल कर दिखाया। उन्होंने रास्ता भटक कर अपनों से दूर हुई एक 10 साल की बच्ची को महज कुछ ही घंटों में खोज निकाला और उसे सही-सलामत उसके माता-पिता को सौंप दिया। थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से एक हंसता-खेलता परिवार बिखरने से बच गया।
घटना गुरुवार दोपहर की है, जब 'मिशन शक्ति' की टीम को नगला बरी के पास एक छोटी बच्ची अकेली और परेशान हालत में घूमती हुई दिखाई दी। टीम ने तुरंत इसकी जानकारी वैदपुरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को अपनी सुरक्षा में ले लिया। पुलिसवालों ने जब प्यार से बच्ची का नाम पूछा, तो उसने अपना नाम साजिया बताया। उसने यह भी बताया कि वह मैनपुरी जिले के करहल इलाके की रहने वाली है और उसके पिता का नाम रिजवान है।
जैसे ही बच्ची का पता चला, थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी ने बिना एक पल गंवाए तुरंत मैनपुरी में उसके परिवार से संपर्क साधा। बेटी के खोने से बदहवास पिता रिजवान पुत्र इदरीश भागते हुए थाने पहुंचे। अपनी लाडली को बिल्कुल सुरक्षित देखकर पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी ने जरूरी जांच-पड़ताल और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मासूम साजिया को उसके पिता की गोद में सौंप दिया और साथ ही उन्हें बच्चों का खास ख्याल रखने की सलाह भी दी।
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी के साथ उपनिरीक्षक जय सिंह, कांस्टेबल शिव कुमार और महिला कांस्टेबल दीक्षा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी और उनकी पूरी टीम के इस नेक काम की आज हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है। अपनी बेटी को वापस पाकर पूरे परिवार ने इटावा पुलिस और विशेष रूप से वैदपुरा पुलिस टीम का दिल से धन्यवाद किया है। वाकई, इटावा पुलिस ने अपने इस काम से यह साबित कर दिया कि उनका संकल्प ही है— "हर मुस्कान सुरक्षित, हर बच्चा संरक्षित।"
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.