छितौनी के लाल ने किया कमाल, यूपी एसआई भर्ती में पूरे प्रदेश में हासिल की 8वीं रैंक
इटावा : प्रतिभा जब मेहनत और दृढ़ संकल्प से मिलती है तो सफलता स्वयं कदम चूमती है। इटावा जनपद के ग्राम छितौनी के होनहार युवा अभिषेक कुमार, पुत्र उम्मेद सिंह, ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा में पूरे प्रदेश में 8वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार और गांव, बल्कि पूरे इटावा जिले का नाम गौरवान्वित कर दिया है। इस शानदार उपलब्धि की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
अभिषेक की सफलता इसलिए भी प्रेरणादायक है क्योंकि उन्होंने किसी बड़े शहर या महंगे कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। एक छोटे किसान के बेटे अभिषेक ने अपने घर पर रहकर, मोबाइल फोन के माध्यम से पढ़ाई की और प्रतिदिन 10 से 12 घंटे कठिन परिश्रम कर इस मुकाम तक पहुंचे। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका अटूट आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर मेहनत आज लाखों युवाओं के लिए मिसाल बन गई है।
अभिषेक के पिता उम्मेद सिंह एक साधारण किसान हैं, जबकि उनकी माता स्नेहलता गृहिणी हैं। परिवार में उनकी छोटी बहन बीएससी की पढ़ाई कर रही हैं और छोटा भाई बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र है। पूरे परिवार ने हर परिस्थिति में अभिषेक का मनोबल बढ़ाया, जिसका परिणाम आज पूरे प्रदेश के सामने है।
अभिषेक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे ग्राम छितौनी में उत्सव जैसा माहौल है। गांव के लोग लगातार उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। इस अवसर पर देवेन्द्र सिंह, सुनील कुमार, शैलेन्द्र सिंह और प्रिंस यादव सहित अनेक ग्रामीणों ने अभिषेक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता से गांव के युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।
अभिषेक कुमार ने साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो संसाधनों की कमी कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.