ऑपरेशन मजनू: महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले दो मनचलों को पुलिस ने दबोचा, मुकदमा दर्ज

इटावा : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन मजनू एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से अभद्र व्यवहार और अश्लील टिप्पणियां करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपदभर में चल रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस एवं महिला पुलिस टीम लगातार गश्त और चेकिंग कर रही है।
पहली कार्रवाई में चौकी पंचशील क्षेत्र के ग्राम कांधनी में गश्त के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति मुख्य मार्ग से आने-जाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणियां कर फब्तियां कस रहा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मनोहर लाल (40 वर्ष), निवासी नगला पुरा, थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध थाना सिविल लाइन में बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में मिशन शक्ति अभियान के दौरान महिला उपनिरीक्षक आरती कुमारी एवं उनकी टीम को कांधनी रेलवे क्रॉसिंग पुल के समीप एक युवक द्वारा महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी का पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान हिमांशु (22 वर्ष), निवासी नखासा सागरान, थाना कोतवाली, जनपद इटावा के रूप में हुई। उसके विरुद्ध भी थाना सिविल लाइन में बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इटावा पुलिस ने कहा है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ऑपरेशन मजनू एवं मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.