साइबर ठगी से बचाव का दिया मंत्र: ऊसराहार पुलिस ने छात्राओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी

इटावा : मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण एवं एंटी रोमियो अभियान के तहत इटावा पुलिस लगातार महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन तथा थाना प्रभारी ऊसराहार श्री नागेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में थाना ऊसराहार पुलिस ने लाला सियाराम इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। छात्राओं को किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड का विवरण, सीवीवी और पासवर्ड साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने छात्राओं को अज्ञात लिंक, एपीके फाइल और संदिग्ध संदेशों पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचने तथा ऑनलाइन नौकरी, लॉटरी, कैशबैक और निवेश के आकर्षक ऑफर के झांसे में न आने के लिए भी जागरूक किया। साथ ही व्यक्तिगत फोटो और निजी जानकारी सोशल मीडिया या किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करने की हिदायत दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें तथा निकटतम थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। इसके अलावा पुलिस आपातकालीन सेवा 112, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई तथा जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का निर्भीक होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना प्रभारी नागेन्द्र मिश्रा ने छात्राओं से कहा कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी-सी सतर्कता बड़ी साइबर ठगी से बचा सकती है। उन्होंने सभी से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि "सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। अपना ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.