चौबिया पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया जागरूक

बसरेहर/चौबिया। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को थाना चौबिया पुलिस ने थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों और सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 व 108, महिला सहायता के लिए 1090 व 181, बाल सहायता के लिए 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध की स्थिति में 1930 पर सहायता ली जा सकती है।

चौबिया पुलिस टीम ने विशेष रूप से साइबर अपराधों से बचाव को लेकर लोगों को सावधान किया। पुलिस ने अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन लेन-देन तथा सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। इस दौरान महिलाओं को जागरूकता पंपलेट वितरित कर सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में पुलिस उनकी सहायता के लिए तत्पर है। यह जागरूकता अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित किया गया। चौबिया पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा और जनजागरूकता को लेकर ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। 

रिपोर्टर : विशाल कुमार सक्सेना

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.