ऑपरेशन मुस्कान: बसरेहर पुलिस ने 14 वर्षीय बालक को सकुशल परिवार से मिलाया
इटावा/बसरेहर : थाना बसरेहर क्षेत्र के ग्राम किल्ली से मां से नाराज होकर घर से निकले 14 वर्षीय बालक को बसरेहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यशैली से एक परिवार की खुशियां लौट आईं। बेटे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए बसरेहर पुलिस की जमकर सराहना की और पुलिस टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार ग्राम किल्ली निवासी सुमित (14) पुत्र हरिश्चंद्र अपनी मां से नाराज होकर घर से चला गया था। बालक के लापता होने की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बसरेहर बलराज भाटी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू करा दी। बसरेहर पुलिस ने तत्परता और जिम्मेदारी के साथ प्रयास करते हुए बालक को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बसरेहर पुलिस की तत्परता से लौटी परिवार की खुशियां
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत बसरेहर पुलिस की इस सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है। परिजनों ने अपने बेटे को सकुशल वापस दिलाने के लिए थानाध्यक्ष बलराज भाटी एवं उनकी पुलिस टीम का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही एसएसपी इटावा के निर्देशन में पुलिस द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए इटावा पुलिस को धन्यवाद दिया।
रिपोर्टर : विशाल कुमार सक्सेना

No Previous Comments found.