बस्तर के दुर्गम पावेल गाँव पहुँचे कलेक्टर और एसपी; चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएँ
जगदलपुर : बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड के सुदूर पहाड़ी अंचल में स्थित गाँव पावेल में गुरुवार को विकास की नई किरण पहुँची। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन ने दुर्गम रास्तों को पार कर ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया। विकास को गति देना प्रशासन की प्राथमिकता: कलेक्टर
चौपाल के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने कहा कि नक्सलमुक्त क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा:
"शासन-प्रशासन की नजर में पूरा बस्तर संभाग है। हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएँ हर गाँव तक पहुँचें।"कलेक्टर ने मौके पर ही ग्रामीणों से राशन, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास और पेयजल जैसी सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या बताए जाने पर उन्होंने तत्काल फेल हो चुके बोरवेल को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, गाँव में ही राशन उपलब्ध कराने के लिए शासकीय उचित मूल्य दुकान के भवन निर्माण की स्वीकृति भी दी।
शिक्षा से संवरेगा युवाओं का भविष्य: पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा ने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि पूर्व में असामाजिक तत्वों के कारण यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से कटा रहा, लेकिन अब समय बदल रहा है। उन्होंने अपील की:
"अपने बच्चों को पूरी शिक्षा दिलवाएँ ताकि वे अपना भविष्य बेहतर बना सकें। रोजगार के इच्छुक युवा पुलिस भर्ती प्रशिक्षण का लाभ उठा सकते हैं।"
मौके पर हुआ योजनाओं का लाभ वितरणचौपाल सिर्फ चर्चा तक सीमित नहीं रही, बल्कि अधिकारियों ने मौके पर ही ग्रामीणों को लाभान्वित किया:
56 नए राशन कार्ड वितरित किए गए।
ग्रामीणों को आधार कार्ड और वन अधिकार मान्यता पत्र सौंपे गए।
बच्चों को उत्साहवर्धन हेतु चॉकलेट, बिस्किट, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतलें दी गईं।
दुर्गम रास्तों को पार कर पहुँचे अधिकारी
पावेल गाँव की भौगोलिक स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। यहाँ पहुँचने के लिए अधिकारियों की टीम को दंतेवाड़ा जिले के बारसूर मार्ग से होकर लंबा सफर तय करना पड़ा। गाँव पहुँचने पर पारंपरिक तरीके से महिलाओं ने तिलक लगाकर और गीत गाकर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे, एसडीएम श्री नीतीश वर्मा सहित जनपद और तहसील स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
योजनाओं पर फोकस: नियद नेल्लानार 2.0 और स्वस्थ बस्तर अभियान।
रोजगार: पुलिस विभाग द्वारा युवाओं को भर्ती के लिए प्रशिक्षण की सुविधा।
सुविधा: गाँव में ही आगामी 3 महीने के राशन की अग्रिम व्यवस्था के निर्देश।
रिपोर्टर : विवेक सोनवानी

No Previous Comments found.