भीषण गर्मी को लेकर डीएम एक्शन मोड में
भीषण गर्मी को लेकर डीएम एक्शन मोड में,ग्रामीण क्षेत्र में एसडीएम और विद्युत आपूर्ति और पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान करने के दिए आदेश
झांसी- जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जूम ऐप के माध्यम से जनपद में लगातार बढ़ रहे तापमान के दृष्टिगत हीट वेव (लू) से बचाव एवं इसके प्रभावों को न्यून करने एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के अतिरिक्त क्षेत्र में पेयजलापूर्ति के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
ज़ूम ऐप के माध्यम से आयोजित बैठक में जनपद के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दृष्टिगत संवेदनशील होकर कार्य करना सुनिश्चित करें। बैठक का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के मौसम में संभावित हीट वेव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना, जनपद के दूरस्थ क्षेत्र में पेयजलापूर्ति की व्यवस्था करना एवं विद्युत आपूर्ति को बेहतर करते हुए जनसामान्य को सुरक्षित रखने तथा राहत एवं प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना था। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी आने वाले लगभग 05 से 06 दिन जनपद के तापमान में वृद्धि होने का पूर्वानुमान है, इस दौरान लू से जनहानि को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, इसके अतिरिक्त जनसामान्य को जागरूक करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने आपदा विशेषज्ञ को निर्देशित किया कि लगातार जनपद में बढ़ते तापमान की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से जनमानस को देना सुनिश्चित किया जाए। संवेदनशील बैठक में सहायक नगर आयुक्त वीरेंद्र श्रीवास्तव को जानकारी के साथ न आने पर नाराजगी व्यक्त की।
जूम ऐप के माध्यम से आयोजित बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मेडिकल कालेज/ जिला अस्पताल में भीषण गर्मी के दृष्टिगत तीमारदारों एवं जन सामान्य को राहत पहुंचाने के लिए इमरजेंसी के पास अथवा वेटिंग एरिया में वाटर कूलर सहित लोगों के बैठने के लिए बेंच की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए जनमानस एवं तीमारदारों को ओआरएस सेंटर के संचालन की जानकारी दिए जाने के निर्देश दिए ताकि लोगों को गर्मी से राहत दिलाई जा सके। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने झांसी नगर सहित जनपद में प्रत्येक तहसीलों के व्यस्ततम चौराहे सहित महत्वपूर्ण बाजार, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में वाटर कूलर/प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मंडी, पार्क में वॉटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने और लगातार चेकिंग करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नगर में नगर निगम द्वारा संचालित स्क्रीन पर गर्मी से बचने के लिए क्या करें-क्या न करें की जानकारी लगातार प्रसारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद के सभी सीएचसी एवं पीएचसी केंद्रों पर लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाएं, ओआरएस, आईवी फ्लूड तथा अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही ग्राम स्तर तक आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लू से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। उन्होंने मेडिकल कालेज में 15 एंव जिला अस्पताल में 10 कोल्ड रूम बढ़ाए जाने की भी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी के दृष्टिगत समस्त एमओआईसी को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं नगर पालिका/नगर पंचायतों को निर्देशित किया गया कि हीट वेव के प्रभाव को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। विशेष रूप से सार्वजनिक स्थलों पर रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। साथ ही पशुओं के लिए भी पानी एवं छायादार स्थानों की समुचित व्यवस्था की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि किसी क्षेत्र में अग्निकांड या लू से प्रभावित व्यक्ति सामने आते हैं तो उन्हें राज्य सरकार द्वारा निर्धारित राहत राशि 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि हीट वेव से बचाव के लिए जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके तहत ग्राम पंचायतों, स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों एवं मीडिया के माध्यम से लोगों को लू से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि जनहानि की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके।आयोजित बैठक में जिला जिलाधिकारी गौरांग राठी ने उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी विभिन्न एडवाइजरी सलाह क्या करें? क्या न करें विषयक पंप्लिट, पोस्टर को जारी करते हुए जनपदवासियों को लो, प्रकोप एवं गर्म हवा से बचाव हेतु जानकारी साझा की।
जूम ऐप के माध्यम से आयोजित बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी,अपर जिला अधिकारी वित्त/राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 सुधाकर पांडेय, सीएमएस मेडिकल कालेज डॉ0 खुश्तर हैदर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 संजय कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ0 बालगोविंद श्रीवास्तव, जिला आपदा विशेषज्ञ धीरज पाठक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आर के राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट अंकित साहू


No Previous Comments found.