चांदपोल अनाज मंडी में अवैध पार्किंग का बड़ा खुलासा
जयपुर - शहर के बीचोंबीच स्थित चांदपोल अनाज मंडी में चल रही बिना नगर निगम स्वीकृति की अवैध पार्किंग का मामला अब और गहराता जा रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, इस अवैध संचालन में कुछ ठेकेदारों और नगर निगम अधिकारियों की मिलीभगत सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र सिंह राजपूत, सलीम कुरैशी, और किशनपोल जोन के राजस्व अधिकारी की साठगांठ से यह अवैध पार्किंग धड़ल्ले से चलाई जा रही है। इनकी मिलीभगत के चलते हर दिन पार्किंग से भारी मात्रा में अवैध वसूली की जा रही है, जबकि नगर निगम हेरिटेज प्रशासन ने स्पष्ट रूप से चांदपोल अनाज मंडी की पार्किंग को “निशुल्क” घोषित कर रखा है। निगम के अधिकारी खुद इस बात की पुष्टि कर चुके हैं कि चांदपोल अनाज मंडी की पार्किंग में किसी ठेकेदार का कोई रोल नहीं है, फिर भी मौके पर अवैध रूप से शुल्क वसूला जा रहा है। इससे साफ संकेत मिलता है कि निगम के कुछ अंदरूनी लोग इस खेल में मूक सहमति या सीधी हिस्सेदारी निभा रहे हैं। इतना ही नहीं, नगर निगम द्वारा बनाई गई भूमिगत पार्किंग के ऊपर भी अवैध रूप से पार्किंग संचालन किया जा रहा है, जिससे भूमिगत सुविधा का उपयोग नगण्य रह गया है। यह सब कुछ किशनपोल जोन के राजस्व अधिकारियों की अनदेखी और सांठगांठ से ही संभव हो रहा है। सूत्रों का दावा है कि इस अवैध पार्किंग से ठेकेदारों द्वारा हर महीने डेढ़ से दो लाख रुपये तक की रकम नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंचाई जाती है, ताकि यह पार्किंग बेधड़क चलती रहे। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अधिकारियों के नामों का भी खुलासा किया जाएगा, जिससे पूरे मामले की परतें खुलने की संभावना है।
स्थानीय व्यापारियों और वाहन चालकों में आक्रोश है कि नगर निगम की निष्क्रियता और मिलीभगत के कारण जनता से अवैध वसूली की जा रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि निगम हेरिटेज प्रशासन कब सख्ती दिखाएगा और दोषियों पर कार्रवाई करेगा।
रिपोर्टर - विजयभवानी


No Previous Comments found.