झालाना डूंगरी का ओपन कचरा ट्रांसफर स्टेशन स्थायी रूप से बंद

जयपुर : वार्ड संख्या 110 के झालाना डूंगरी, जगतपुरा रोड पर लंबे समय से संचालित अस्थायी ओपन कचरा डिपो (ट्रांसफर स्टेशन) को नगर निगम प्रशासन ने स्थायी रूप से बंद कर दिया है। कचरा डिपो बंद होने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय भारतीय जनता पार्टी के पार्षद प्रत्याशी मनोज जाबडोलिया ने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों से इस कचरा डिपो को हटाने की मांग को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा था। इस दौरान कई बार धरना-प्रदर्शन किए गए तथा उपमुख्यमंत्री, स्थानीय विधायक, राजस्थान सरकार के मंत्रियों, महापौर, उपमहापौर, नगर निगम चेयरमैन और निगम आयुक्तों को ज्ञापन सौंपे गए। इसके साथ ही क्षेत्र में कचरा डिपो के विरोध में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

लगातार जनआंदोलन और जनदबाव के बाद आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने जनता की मांग को स्वीकार करते हुए झालाना डूंगरी स्थित ओपन कचरा डिपो को स्थायी रूप से बंद कर दिया। मनोज जाबडोलिया ने इस निर्णय को “जनता की जीत” बताते हुए नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि नगर निगम प्रशासन अब इस स्थान पर आधुनिक मशीन संचालित कचरा ट्रांसफर स्टेशन विकसित करने की योजना बना रहा है। यह नया ट्रांसफर स्टेशन पूरी तरह से कवर होगा और वायु प्रदूषण रहित रहेगा। यहां खुले में कचरा नहीं डाला जाएगा, बल्कि सीधे हूपर के माध्यम से मशीनों में डाला जाएगा। मशीनों द्वारा कचरे को चारों ओर से कवर किए गए टैंकरों में भरकर सीधे डंपिंग यार्ड तक पहुंचाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में गंदगी और बदबू की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा डिपो बंद होने से अब क्षेत्र में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण में सुधार होगा तथा लंबे समय से चली आ रही समस्या से निजात। 

रिपोर्टर : विजयभवानी
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.