विशेष यातायात अभियान के चार दिनों में 78 हजार से अधिक चालकों पर कार्रवाई
जयपुर - महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस (यातायात) श्री अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में राज्यभर में 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे विशेष यातायात अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
डॉ.मीणा ने बताया कि 2 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक अभियान के प्रथम चार दिनों में राज्यभर में 78,053 चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें 33,690 बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले, 20,145 तेज गति से वाहन चलाने वाले, 12,390 राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले तथा 11,828 राष्ट्रीय राजमार्गों के छह लेन एवं एक्सप्रेस-वे पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक शामिल हैं। रविवार को प्रवर्तन की 19,427 कार्रवाई उन्होंने बताया कि 5 जुलाई 2026 को भी अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। इस दिन राज्यभर में कुल 19,427 प्रवर्तन कार्रवाई की गई, जिनमें 8,220 बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले, 5,196 तेज गति से वाहन चलाने वाले, 3,199 अवैध पार्किंग करने वाले तथा 2,812 राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे पर लेन सिस्टम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा ने कहा कि विशेष अभियान 16 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में लगातार जारी रहेगा। जिला पुलिस एवं यातायात पुलिस को नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं तथा सहयात्री दोनों के लिए आईएसआई मार्क हेलमेट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें,सड़क पर अवैध पार्किंग से बचें तथा राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे पर लेन अनुशासन का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
रिपोर्टर - धीरज शर्मा
No Previous Comments found.