जयपुर में रेलवे ट्रैक पर मिला नवविवाहिता का शव, पिता ने दहेज हत्या का लगाया आरोप

जयपुर - सांगानेर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक नवविवाहिता का शव मिलने से मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने उसके पति, सास, जेठ और ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर डालने का आरोप लगाया है। इस मामले में मालपुरा गेट थाने में 17 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, करौली जिले के रूंडी गांव निवासी काडूलाल मीणा ने बताया कि उनकी बेटी लेखन्ती बाई मीणा की शादी 25 अप्रैल 2026 को करौली जिले के रायसना निवासी रायसिंह मीणा के साथ हुई थी। शादी के बाद लेखन्ती अपने पति के साथ रहती थी। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति रायसिंह, सास रेशम बाई, जेठ भवानी सिंह और ननद प्रकाशी दहेज की मांग को लेकर लेखन्ती को परेशान करते थे। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने 20 से 25 लाख रुपये और मोटरसाइकिल, वॉशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज सहित अन्य सामान की मांग की थी। लेखन्ती ने इस बारे में अपने माता-पिता और छोटी बहन को भी बताया था।

रिपोर्ट में बताया गया कि 16 अक्टूबर को लेखन्ती की छोटी बहन मौसम ने पिता को फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी का शव जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास मिला है। इसके बाद परिजन जयपुर पहुंचे। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर डाला गया है। शिकायत में यह भी बताया गया कि लेखन्ती ने अपनी छोटी बहन को एक अन्य महिला की तस्वीरें भेजी थीं और पति के उस महिला से संबंध होने की बात कही थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिवादी ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 80(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सांगानेर के सहायक पुलिस आयुक्त दीपक खंडेलवाल को सौंपी गई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

रिपोर्टर - प्रकाश जहांगीर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.