PM मोदी के बयान पर भड़की कांग्रेस, जयराम रमेश बोले- पहले अर्बन नक्सल कहते थे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल किया। पीएम मोदी के इस बयान को लेकर कांग्रेस ने उन पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन्हें पीएम मोदी पहले ‘अर्बन नक्सल’ कहते थे, बाद में उन्हीं से जुड़ी मांगों को सरकार ने स्वीकार किया।

जयराम रमेश ने कहा कि करीब 2-3 साल पहले प्रधानमंत्री लगातार ‘अर्बन नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल करते थे। उन्होंने दावा किया कि जब संसद में ‘अर्बन नक्सल’ की परिभाषा पूछी गई थी, तब गृह मंत्री की ओर से कहा गया था कि ‘अर्बन नक्सल’ जैसी कोई चीज नहीं है और इसकी कोई निर्धारित परिभाषा नहीं है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री जिन लोगों की मांगों को पहले ‘अर्बन नक्सल’ की सोच बताते थे, बाद में सरकार ने उन्हीं मांगों को स्वीकार किया। उन्होंने जाति जनगणना का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ साल पहले तक जाति जनगणना की मांग को इसी तरह की सोच से जोड़ा जाता था, लेकिन बाद में सरकार ने जाति जनगणना कराने का फैसला लिया।

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का यह पुराना तरीका है। उनके मुताबिक पहले ‘अर्बन नक्सल’ और अब ‘दिमागी नक्सल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है और बाद में उन्हीं मुद्दों पर सरकार की ओर से फैसले लिए जाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस भाषण को राजनीतिक भाषण बताते हुए कहा कि इसमें कुछ नया नहीं था और प्रधानमंत्री पुराने दावों को ही दोहरा रहे हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहा कि देश ने नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया है और 21वीं सदी में दशकों पुरानी चुनौतियों को समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद और माओवाद ने लाखों युवाओं के भविष्य को तबाह किया और लंबे समय तक देश की बड़ी आबादी को हिंसा के साए में रखा।

पीएम मोदी ने कहा कि हथियारबंद नक्सलवाद कमजोर हुआ है, लेकिन ‘दिमागी नक्सल’ अब भी मौके की तलाश में हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों को पहचानने और उन्हें अलग-थलग करने का आह्वान किया, जो उनके मुताबिक समाज में भ्रम, हिंसा और अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं। इस बयान के बाद अब ‘दिमागी नक्सल’ शब्द को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.