सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत, कार्रवाई न होने पर परिवार में आक्रोश
जालौन - कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम अंडा आनंद नगर में 21 नवंबर 2025 को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय रामनरेश कुशवाहा की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है। घटना 21 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब रामनरेश कुशवाहा रावतपुर से अपने गांव अंडा आनंद नगर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान कोंच–ऐट मार्ग पर एक ट्रक चालक अपने वाहन को पीछे की ओर बैक कर रोड के किनारे लगा रहा था। उसी समय पीछे से आ रहे रामनरेश की बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के पिता मुन्ना कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है, लेकिन अब तक पुलिस की तरफ से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है—रामनरेश की एक छोटी बेटी है और विवाह को केवल तीन वर्ष हुए थे। छोटा भाई सब्ज़ी बेचकर घर का गुजारा करता है। परिजनों का कहना है कि बच्ची की परवरिश के लिए शासन से आर्थिक सहायता मिलनी आवश्यक है। परिवार ने प्रशासन से शीघ्र न्याय और आर्थिक मदद की मांग की है।
संवाददाता - आदित्य द्विवेदी

No Previous Comments found.