पिछले दो माह से पेशकार न होने के कारण न्यायिक कार्य लगभग ठप पड़ा हुआ

कोंच : कोंच तहसील स्थित दोनों उपजिलाधिकारी न्यायालयों में पिछले दो माह से पेशकार न होने के कारण न्यायिक कार्य लगभग ठप पड़ा हुआ है। इससे वादकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें न्याय की उम्मीद में रोज़ अदालत के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे बार एसोसिएशन कोंच के अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक ज्ञापन देकर शीघ्र पेशकार की नियुक्ति की मांग की। अधिवक्ताओं ने बताया कि कोंच तहसील के प्रशासनिक एवं न्यायिक, दोनों उपजिलाधिकारी न्यायालयों में केवल एक ही पेशकार इनामुल की तैनाती थी, जो पिछले दो माह से बीमार चल रहे हैं और अवकाश पर हैं।

पेशकार के अभाव में न्यायालयों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। वर्तमान में एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी के सहारे फाइलों का काम निपटाया जा रहा है, जिससे सुनवाई की प्रक्रिया धीमी हो गई है और वादों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब हो रहा है।

अधिवक्ताओं ने यह भी मांग उठाई कि धारा 38(1) के अंतर्गत चल रहे वादों में लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों द्वारा आख्या प्रस्तुत करने की समय-सीमा निर्धारित की जाए, ताकि राजस्व से जुड़े मामलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से हो सके।
बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि उपजिलाधिकारी न्यायालय कोंच में शीघ्र एक अनुभवी पेशकार की नियुक्ति की जाए, जिससे न्यायिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके और वादकारियों को समय पर न्याय मिल सके।

इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामशरण कुशवाहा, राघवेंद्र निरंजन, राकेश तिवारी, पूर्व अध्यक्ष संजीव तिवारी, मनोज दुरबार, रामबाबू निरंजन सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस समस्या का जल्द समाधान करेगा। 

रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.