पॉलिटेक्निक चलो अभियान: आईटीआई छात्रों ने जाना स्वावलंबन का मार्ग, सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश का सुनहरा अवसर

उरई : शासन की मंशा के अनुरूप तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), उरई के छात्र-छात्राओं ने 'पॉलिटेक्निक चलो अभियान' के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर का भ्रमण किया। "पॉलिटेक्निक से स्वावलंबन की ओर बढ़ते कदम" विषय पर आधारित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान छात्रों को तकनीकी डिप्लोमा के माध्यम से भविष्य को उज्ज्वल बनाने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण में आईटीआई के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने संस्थान की विभिन्न कार्यशालाओं और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रचार-प्रसार समिति के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए एक महत्वपूर्ण जानकारी दी कि आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी अब 'के-ग्रुप' के माध्यम से सीधे पॉलिटेक्निक द्वितीय वर्ष (लैटरल एंट्री) में प्रवेश ले सकते हैं। आईटीआई छात्र अपनी योग्यता के अनुसार कुल आठ अलग-अलग डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में आवेदन करने के पात्र हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु सीमा 14 वर्ष निर्धारित है, जबकि अधिकतम आयु की कोई सीमा नहीं रखी गई है। आरक्षण नियमों के तहत दिव्यांग अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत तथा ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और पूर्व सैनिकों के आश्रितों को शासन के मानकों के अनुसार विशेष छूट प्रदान की जाएगी। राजकीय पॉलिटेक्निक उरई में वर्तमान में मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस, सिविल इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग ईपीसी की तीन ब्रांच संचालित हैं, जिनमें प्रत्येक में 75 सीटें उपलब्ध हैं, वहीं लैटरल एंट्री के लिए 7-7 सीटें निर्धारित हैं।
विशेषज्ञों ने जानकारी दी कि 'ग्रुप-डी' के अंतर्गत आने वाली मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस ब्रांच छात्राओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर प्रदान करती है। इस कोर्स को सरकार द्वारा 'ओ' लेवल कंप्यूटर कोर्स के समकक्ष मान्यता प्राप्त है, जिसे पूर्ण करने के बाद छात्राएं विभिन्न सरकारी व निजी विभागों में एलडीसी, स्टेनो, व्यक्तिगत सहायक, जनसंपर्क अधिकारी और आईटी अनुदेशक जैसे प्रतिष्ठित पदों पर आसीन हो सकती हैं। संस्थान में छात्रों की सुविधा के लिए छात्रावास, समृद्ध पुस्तकालय और प्रभावी कंपनी प्लेसमेंट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित है। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट पर जाकर अपने व्यक्तिगत मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या फॉर्म भरने में होने वाली असुविधा के लिए संस्थान में 'हेल्प डेस्क' की स्थापना की गई है, जहाँ छात्र किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस भ्रमण कार्यक्रम के दौरान ऋषिकांत त्रिपाठी, संजीव अग्रवाल, डॉ. गौतम प्रधान, संजीव श्रीवास्तव, मनोज अहिरवार, प्रदीप कुमार सहित आईटीआई से भगवत किशोर, सैफ अहमद, पूरन लाल और टाटा कंपनी के प्रतिनिधि सौरभ विश्वकर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.