जिला कारागार उरई की व्यवस्थाओं से अभिभूत हुए प्रशासनिक न्यायमूर्ति, बंदियों को दिए कानूनी अधिकारों के मंत्र

उरई : जनपद जालौन के प्रशासनिक न्यायमूर्ति एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश सौरभ श्रीवास्तव ने शनिवार को जिला कारागार उरई का विधिवत निरीक्षण और भ्रमण किया। कारागार पहुँचने पर न्यायमूर्ति ने जेल अधीक्षक नीरज देव से जेल की बुनियादी व्यवस्थाओं, बैरकों की स्थिति और बंदियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने कारागार परिसर में आयोजित विधिक साक्षरता एवं सहायता शिविर में शिरकत की, जहाँ वे सीधे बंदियों से रूबरू हुए। न्यायमूर्ति ने बंदियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और मौके पर ही उनके विधिक समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

शिविर को संबोधित करते हुए माननीय न्यायमूर्ति सौरभ श्रीवास्तव ने एक भावुक और प्रेरणादायी अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभालने से पूर्व वे स्वयं भी विधिक सहायता के कार्यों से गहराई से जुड़े रहे हैं, इसलिए वे बंदियों की कानूनी परेशानियों और उनके अधिकारों को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने सभी बंदियों को सलाह दी कि वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता का पूर्ण लाभ उठाएं। न्यायमूर्ति ने जेल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि बंदियों के मूलभूत अधिकारों का संरक्षण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए और उनके साथ मानवीय व्यवहार रखा जाए। वहीं, उन्होंने लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) के अधिवक्ताओं को अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और कर्मठता के साथ निभाने के लिए निर्देशित किया ताकि कोई भी पात्र बंदी न्याय से वंचित न रहे।
भ्रमण के दौरान कारागार की साफ-सफाई और रचनात्मक व्यवस्थाओं को देखकर न्यायमूर्ति ने प्रसन्नता व्यक्त की और जेल अधीक्षक को भविष्य में भी बंदी हित में इसी प्रकार के सुधारात्मक कदम उठाते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक नीरज देव ने न्यायमूर्ति का आभार प्रकट किया और कारागार प्रशासन की ओर से उन्हें स्मृति स्वरूप प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शाम्भवी प्रथम, कारापाल प्रदीप कुमार, कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल बर्मन, उपकारापाल अमर सिंह व राम लखन उपस्थित रहे। साथ ही, एलएडीसी के सदस्य अभिषेक व दीपक, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के प्रतिनिधि, मेडिकल कॉलेज उरई के मनोचिकित्सक एवं मनोवैज्ञानिक सहित भारी संख्या में जेल स्टाफ मौजूद रहा।

रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.