हंगामे के बीच संपन्न हुई कोंच नगर पालिका की बोर्ड बैठक
जालौन : जालौन के कोंच नगर पालिका परिषद की शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक उस समय हंगामेदार हो गई, जब अधिशासी अधिकारी (ईओ) मोनिका उमराव के खिलाफ लाए गए निंदा प्रस्ताव को लेकर सभासद आमने-सामने आ गए। समाजवादी पार्टी के सभासद अमित यादव द्वारा प्रस्तुत निंदा प्रस्ताव में हस्ताक्षरों को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद बैठक में तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले।
पालिकाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में वार्ड संख्या 13 पटेल नगर के सभासद अमित यादव ने दावा किया कि लगभग 20 सभासदों के हस्ताक्षरों के साथ ईओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया गया है। प्रस्ताव में अधिशासी अधिकारी की कार्यशैली और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया कि वे सभासदों और आमजन से ठीक ढंग से बातचीत नहीं करतीं, जिससे लोग अपनी समस्याएं लेकर पालिका आने से कतराने लगे हैं। इसी आधार पर बोर्ड बैठक में ईओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव रखा गया।
हालांकि निंदा प्रस्ताव सामने आते ही मामला पलट गया। वार्ड नंबर 4 आराजी लेन की सभासद खुशबू जाटव, जयप्रकाश नगर वार्ड के सभासद माधवेंद्र यादव उर्फ माधव यादव के लेटरहेड पर आधा दर्जन से अधिक सभासदों ने संयुक्त पत्र जारी कर निंदा प्रस्ताव में दर्शाए गए अपने हस्ताक्षरों को फर्जी बताया। इनमें शादाब अंसारी, सीमा दंगल यादव, ममता देवी, महेंद्र कुशवाहा, आजाद उद्दीन, सीमा देवी, सुनीता सहित कई सभासद शामिल रहे। इन सभासदों का कहना था कि निंदा प्रस्ताव में उनके हस्ताक्षर नहीं हैं और बिना उनकी सहमति के उनके नाम जोड़ दिए गए हैं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव के कार्य और व्यवहार को संतोषजनक बताते हुए उनके पक्ष में समर्थन पत्र भी सौंपा।
हंगामे के बावजूद बैठक में अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। विभिन्न वार्डों में नाली, खड़ंजा सहित विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें बोर्ड ने मंजूरी प्रदान की। इसके अलावा मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और एसपीएससी योजना के अंतर्गत कार्य कराए जाने पर भी विचार किया गया। नगर पालिका सीमा क्षेत्र में लगभग दो करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों के प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
बोर्ड बैठक में अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव, लिपिक जीवन महोलिया, विजय अवस्थी सहित सभी सभासद और पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। कुल मिलाकर निंदा प्रस्ताव को लेकर उठा विवाद बैठक का केंद्र बिंदु रहा, जिसने कोंच नगर पालिका की राजनीति में गहराते मतभेदों को उजागर कर दिया।
रिपोर्टर - राहुल कुमार पटेल


No Previous Comments found.