मेडिकल कॉलेज में 22 फरवरी को सजेगा मेगा विधिक सेवा शिविर,एक ही छत के नीचे मिलेगी न्याय और योजनाओं की सौगात
उरई : जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के प्रांगण में एक विशाल एवं बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन होने जा रहा है। इस मेगा शिविर की पूर्व तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों ने रूपरेखा तैयार करते हुए इसे ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिला जज प्रथम सतीश चंद्र द्विवेदी ने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि इस शिविर को मात्र औपचारिक न बनाकर पूर्णतः जनोपयोगी बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने-अपने स्टॉल अनिवार्य रूप से स्थापित करेंगे, जहां न केवल सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, बल्कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन मौके पर ही स्वीकार कर उन्हें तत्काल लाभान्वित करने की ठोस व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि एक ही परिसर में नागरिकों को न्याय और विकास की सभी सुविधाएं सुलभ कराई जा सकें।
अपर जिला जज ने बैठक में जोर देते हुए कहा कि यह शिविर विशेष रूप से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, असहाय, महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगजनों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। शिविर के दौरान जहां एक ओर अनुभवी अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों द्वारा निःशुल्क विधिक परामर्श और विवादों के समाधान की जानकारी दी जाएगी, वहीं दूसरी ओर लोक अदालत की महत्ता और कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपनी योजनाओं की सूची, पात्रता की शर्तें और आवश्यक प्रपत्रों का सेट समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध करा दें, ताकि शिविर के दिन किसी भी आवेदक को भटकना न पड़े। इस पहल का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम कर पात्र व्यक्तियों को उनके अधिकारों का सीधा लाभ पहुँचाना है।
तैयारियों की इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में न्यायिक और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश (एस०सी०/एस०टी० एक्ट) सुरेश चंद्र गुप्ता, विशेष न्यायाधीश (डकैती) डॉ. अवनीश कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शाम्भवी प्रथम और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सामूहिक रूप से आश्वस्त किया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाला यह शिविर जनपद में डिजिटल साक्षरता और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बनेगा। जिला प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण की इस संयुक्त मुहिम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या संसाधनों के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल

No Previous Comments found.