हज यात्रियों के लिए टीकाकरण एवं प्रशिक्षण शिविर आज,मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट लाना अनिवार्य

उरई : हज यात्रा-2026 की तैयारियों के बीच जनपद के हज यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि हज यात्रा पर जाने वाले सभी जायरीनों का टीकाकरण और प्रशिक्षण कार्यक्रम आज, 12 फरवरी 2026 को आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर उरई के करसान रोड स्थित मदरसा दारुल उलूम बरकाते मोहम्मदिया में संपन्न होगा। इस विशेष शिविर में सभी हज यात्रियों को क्वाड्रीवेलेन्ट मैनिनगोकॉकल मैनिजाईटिस वैक्सीन की सिंगल डोज दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य मानकों को ध्यान में रखते हुए 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ हज यात्रियों को सीजनल इन्फ्लुएंजा वैक्सीन के साथ-साथ ओरल पोलियो वैक्सीन की खुराक भी पिलाई जाएगी, जिसके पश्चात उन्हें अनिवार्य टीकाकरण प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टीकाकरण की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए सभी हज यात्रियों को अपनी मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस जांच रिपोर्ट की प्रति साथ लाना अनिवार्य है। चिकित्साधिकारियों द्वारा इन जांच रिपोर्टों को भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, जिसके बिना टीकाकरण संभव नहीं हो सकेगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने उन हज यात्रियों को कड़े निर्देश दिए हैं जिन्होंने अभी तक अपनी मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस जांच नहीं कराई है, वे तत्काल इस प्रक्रिया को पूर्ण कर लें। पोर्टल पर डेटा दर्ज होने के बाद ही स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मान्य होंगे, जो हज यात्रा की वैधानिक अनिवार्यताओं में शामिल है।
आज आयोजित होने वाले इस शिविर में प्रशिक्षण के माध्यम से यात्रियों को सफर के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और नियमों की भी जानकारी दी जाएगी। विभाग ने सभी चयनित हज यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर मदरसा दारुल उलूम बरकाते मोहम्मदिया पहुँचकर अपना टीकाकरण और प्रशिक्षण सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में यात्रा संबंधी किसी भी तकनीकी या स्वास्थ्य बाधा से बचा जा सके। शासन की इस पहल का उद्देश्य हज यात्रियों की सुरक्षित और स्वस्थ यात्रा सुनिश्चित करना है, जिसमें मेडिकल फिटनेस और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य मानकों का पालन प्राथमिकता पर रखा गया है।

रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.