कोंच में विधानसभा का घेराव करने लखनऊ जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका
कोंच (जालौन) : कोंच में मंगलवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब विधानसभा घेराव के लिए लखनऊ जा रहे कांग्रेस पदाधिकारियों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित किया जाना था, जिसमें भाग लेने के लिए कोंच नगर से कई कार्यकर्ता रवाना हो रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जैसे ही नगर के चन्दकुआ चौराहे पर पहुँचे, वहाँ पहले से पुलिस बल तैनात मिला। कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर के नेतृत्व में मौजूद पुलिस टीम ने कांग्रेसियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए उन्हें लखनऊ न जाने की हिदायत दी।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। बाद में कार्यकर्ता वहीं रुक गए।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि पार्टी के पदाधिकारी विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोंच से लखनऊ रवाना हो रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई सत्ता के दबाव में की गई है और सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर नहीं है, जिसके कारण कांग्रेस को सड़कों पर उतरकर आवाज उठानी पड़ रही है।
पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
इस घटना के बाद स्थानीय राजनीतिक माहौल में चर्चा तेज हो गई है और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल

No Previous Comments found.