आगामी रमज़ान माह को देखते हुए तंजीम गुलामाने मुस्तफ़ा सोसाइटी ने नगर की मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की मांग उठाई
कोंच (जालौन) : कोंच में आगामी रमज़ान माह को देखते हुए तंजीम गुलामाने मुस्तफ़ा सोसाइटी (कमेटी जुलूसे मुहम्मदी) ने नगर की मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने की मांग उठाई है। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बुधवार सुबह लगभग 11 बजे उपजिलाधिकारी कोंच के माध्यम से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि 19 फरवरी, गुरुवार से रमज़ान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है, जिसके दौरान बड़ी संख्या में लोग इबादत, सहरी और इफ्तार में शामिल होते हैं। ऐसे में नगर में साफ-सफाई, बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था बेहद आवश्यक है।
सोसाइटी की ओर से मांग की गई कि इफ्तार और तरावीह के समय, विशेषकर रात्रि 10 बजे तक, बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कटौती न की जाए ताकि लोगों को धार्मिक कार्यों में कोई असुविधा न हो। इसके साथ ही मस्जिदों, मदरसों और खानकाहों के आसपास नियमित सफाई कराई जाए तथा आवारा जानवरों के विचरण पर रोक लगाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सहरी और इफ्तार के समय को ध्यान में रखते हुए सुबह 4 बजे से 6 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7 बजे तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह ने सोसाइटी के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि रमज़ान को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा और संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सईद अहमद, शेफुल्ला, शमसुद्दीन मंसूरी, मुहम्मद शरीफ, उमर काजी, फईम, हामिद हुसैन, हाफिज अताउल्ला, अशफाक गौरी, एनुअल आर सहित कई लोग मौजूद रहे।
सोसाइटी ने प्रशासन से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि रमज़ान का महीना शांति, स्वच्छता और सुचारू व्यवस्था के साथ संपन्न हो सके।
रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल


No Previous Comments found.