होली पर मिलावटखोरों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान
होली पर मिलावटखोरों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, पनीर और खोया समेत आधा दर्जन नमूने सील
उरई/माधोगढ़- आगामी होली के त्योहार को देखते हुए शासन के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गया है। आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार विभाग की विशेष टीमों ने शुक्रवार को जनपद की विभिन्न तहसीलों और डेयरियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान माधोगढ़ तहसील के ग्राम कुटरा स्थित एक डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया, जबकि ग्राम कुसेपुरा में संचालित काशीपुर प्रसाद की खोया भट्टी पर छापा मारकर वहां से खोया, शुद्ध घी और मिश्रित दूध के कुल दो नमूने संग्रहित किए गए। विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से मिलावटखोरों और अवैध डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के इसी क्रम में विभाग की पैनी नजर अंतर्राज्यीय मार्गों पर भी रही, जहाँ कुसेपुरा रोड पर दूध लेकर मध्य प्रदेश जा रही एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी (संख्या यूपी 83 ए टी 0107) को रोककर सघन तलाशी ली गई और वाहन में लदे मिश्रित दूध का नमूना भरा गया। इसके अतिरिक्त रतनपुर जगम्मनपुर स्थित कामधेनु डेयरी पर भी टीम ने दबिश दी और वहां से मिश्रित दूध का सैंपल लेकर जांच हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया। सहायक आयुक्त डॉ. जतिन कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि संग्रहित किए गए सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि कोई भी खाद्य पदार्थ असुरक्षित या मिलावटी पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान स्वामी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी के विरुद्ध यह अभियान होली के त्योहार तक निरंतर जारी रहेगा और जनपद के प्रमुख बाजारों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की भट्टियों तक सघन निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने विक्रेताओं से अपील की है कि वे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें और केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचें। इस विशेष अभियान के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार शंखवार, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार और महेश प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जिला जालौन से राहुल कुमार पटेल सी न्यूज भारत

No Previous Comments found.