जिलाधिकारी की जनसुनवाई में दिखा सुशासन का कड़ा रुख

जिलाधिकारी की जनसुनवाई में दिखा सुशासन का कड़ा रुख, वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों की तय की जवाबदेही, खुद फोन कर लिया फीडबैक

उरई- जनपद में पारदर्शी शासन और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण की मंशा को धरातल पर उतारने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया। प्रातः 10 बजे से शुरू हुई इस जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने न केवल फरियादियों से सीधा संवाद किया, बल्कि तकनीक का सहारा लेते हुए पूरी प्रशासनिक मशीनरी को एक साथ जवाबदेह बनाया। जनसुनवाई को परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा गया, जिससे मौके पर ही शिकायतों का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए जा सके।
विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित शिकायती पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए, जिस पर उन्होंने बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल जवाब तलब किया। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही और संवेदनशीलता का पैमाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक निश्चित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, यह भी अनिवार्य किया गया कि समाधान होने के पश्चात संबंधित शिकायतकर्ता को इसकी विधिवत सूचना दी जाए ताकि उसे कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
इस जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी का एक अलग और प्रभावी अंदाज भी देखने को मिला, जब उन्होंने पूर्व में निस्तारित दिखाए गए कुछ प्रकरणों की वास्तविकता जांचने के लिए स्वयं शिकायतकर्ताओं को फोन लगाया। उन्होंने फरियादियों से सीधे बात कर फीडबैक लिया कि क्या वे प्रशासन द्वारा किए गए समाधान से संतुष्ट हैं। फीडबैक के आधार पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कागजों पर निस्तारण दिखाने के बजाय धरातल पर राहत दिखनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की पारदर्शिता और जवाबदेही में कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने त्वरित कार्यवाही को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रशासन को और अधिक जन-हितैषी बनाने पर जोर दिया।


जिला जालौन से राहुल कुमार पटेल सी न्यूज भारत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.