होली के मद्देनजर मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का कड़ा प्रहार
होली के मद्देनजर मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का कड़ा प्रहार, टिकरी की खोया भट्टियों पर छापेमारी कर भरे नमूने
उरई/जालौन- आगामी होली के पावन पर्व को देखते हुए शासन के कड़े निर्देशों के अनुपालन में जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। आमजन को त्योहार के दौरान शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के आदेशानुसार विभाग की विशेष टीमों ने शुक्रवार को जालौन तहसील क्षेत्र में सघन छापेमारी की। सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ग्राम टिकरी में संचालित खोया भट्टियों पर दबिश दी, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया। इस कार्यवाही के दौरान टीम ने रामदत्त मिश्रा की खोया भट्टी और श्याम हरि की भट्टी का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां तैयार किए जा रहे खोया के नमूने संग्रहित कर तत्काल परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि होली के त्योहार पर दूध और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच मिलावट की आशंका को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट या असुरक्षित तत्व पाए जाते हैं, तो संबंधित भट्टी संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। विभाग की मंशा स्पष्ट है कि किसी भी सूरत में जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छापेमारी के साथ-साथ विभाग द्वारा 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' (मोबाइल वैन) के माध्यम से आम जनमानस को मिलावटी खाद्य पदार्थों की पहचान करने और सुरक्षित खान-पान के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया।
विभागीय टीम ने व्यापारियों और निर्माताओं को सख्त हिदायत दी है कि वे केवल मानक के अनुरूप ही खाद्य सामग्री का विक्रय करें। अधिकारियों ने बताया कि यह निरीक्षण अभियान होली पर्व तक जनपद के विभिन्न बाजारों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों की उत्पादन इकाइयों पर लगातार जारी रहेगा। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार और महेश प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से जहां मिलावटखोरों में डर का माहौल है, वहीं आम नागरिकों ने इस पहल की सराहना की है।
जिला जालौन से राहुल कुमार पटेल सी न्यूज भारत

No Previous Comments found.