मतदाता सूची पुनरीक्षण: जनपद के 1624 बूथों पर आज सजेगा विशेष अभियान
मतदाता सूची पुनरीक्षण: जनपद के 1624 बूथों पर आज सजेगा विशेष अभियान, डीएम ने की युवाओं से नाम जुड़वाने की अपील
उरई- भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में 22 फरवरी 2026, दिन रविवार को जनपद के समस्त 1624 मतदेय स्थलों पर एक विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पूर्वाह्न 10:30 बजे से प्रारंभ होकर अपराह्न 01:30 बजे तक निरंतर संचालित रहेगा, जिसमें संबंधित बूथों पर तैनात बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) उपस्थित रहकर जनता की शिकायतों और आवेदनों का निस्तारण करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इस अवसर पर आमजन और विशेषकर युवा वर्ग से लोकतंत्र की इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद का कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और प्रत्येक योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार को अपने-अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन करें और अपना नाम जांच लें। यदि सूची में नाम अंकित नहीं है, तो पात्रता की स्थिति में तत्काल आवेदन करें।
पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्रशासन ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्पों को खुला रखा है। जिलाधिकारी ने बताया कि नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6, मतदाता सूची से नाम कटवाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-7 तथा पता बदलने या प्रविष्टियों में किसी भी प्रकार के संशोधन हेतु प्रपत्र-8 का उपयोग किया जा सकता है। नागरिक स्वयं भी भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाकर घर बैठे आवेदन कर सकते हैं या फिर बूथ पर उपस्थित बीएलओ को फॉर्म जमा कर सकते हैं।
विशेष रूप से युवाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जो नागरिक 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे तो आवेदन करें ही, साथ ही वे युवा भी अग्रिम रूप से अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं जो आगामी अर्हता तिथियों यानी 01 अप्रैल, 01 जुलाई या 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि प्राप्त होने वाले सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के लिए सटीक और शुद्ध मतदाता सूची प्राथमिक आवश्यकता है, जिसमें जनमानस का सहयोग अनिवार्य है।
जिला जालौन से राहुल कुमार पटेल सी न्यूज भारत


No Previous Comments found.