दो माह में ही उखड़ गई 23 लाख की सीसी सड़क,पालिका की कार्यशैली पर सवाल
कोंच : नगर पालिका परिषद द्वारा 23 लाख रुपये की लागत से बनवाई गई सीसी सड़क की पोल महज दो महीने में ही खुल कर सामने आ गई है। सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है, गिट्टी बाहर आ गई है और हालत ऐसी हो गई है कि पैदल चलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क का इस कदर जवाब दे जाना निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
नगर पालिका परिषद की ओर से सागर चौकी मेन रोड से दरिद्र नारायण सेवा समिति आश्रम के पास मलंगा नाले पर बने गेट तक करीब 300 मीटर लंबी सीसी सड़क डलवाई गई थी। यह कार्य एट के ठेकेदार की फर्म रक्तदंतिका द्वारा कराया गया था। सड़क का भूमि पूजन 11 दिसंबर को विधायक मूलचंद्र निरंजन और पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता की मौजूदगी में बड़े ही जोर-शोर से किया गया था। उस समय इसे विकास की बड़ी उपलब्धि बताया गया, लेकिन हकीकत अब सामने आ चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बने अभी दो माह भी नहीं हुए और कई स्थानों पर सीमेंट की परत उखड़ गई है। गिट्टी बाहर निकल आने से बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों का निकलना दूभर हो गया है। लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और काम की न तो सही निगरानी हुई, न ही गुणवत्ता की जांच। 23 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क का कुछ ही समय में इस तरह बिखर जाना सीधे-सीधे सरकारी धन की बर्बादी को दर्शाता है। स्थानीय नागरिकों ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क को दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनवाने की मांग की है। बता दें कि इस रोड का उपयोग लोग काली माता मंदिर, लंका विजय हनुमान मंदिर, शनि मंदिर, धनु तालाब, कांशीराम कॉलोनी और दरिद्र नारायण सेवा समिति आश्रम जाने के लिए करते हैं।
ठेकेदार का भुगतान रोका है और मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं-पालिकाध्यक्ष
कोंच। नवनिर्मित सीसी सड़क के दो महीने के अल्प समय में उखड़ने को लेकर उठे सवालों पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता का कहना है कि सड़क की स्थिति सामने आते ही संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोक दिया गया है। ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सड़क की मानकों के अनुरूप सही तरीके से मरम्मत कराई जाए। उन्होंने बताया कि नगर पालिका स्तर पर मामले को काफी गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही सड़क को दुरुस्त करा दिया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल


No Previous Comments found.