विधायक ने नावली नहर से मध्य प्रदेश सीमा तक बनने वाली 10,600 किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमि पूजन किया

कोंच (जालौन) :  कोंच तहसील के विकास खंड नदीगांव क्षेत्र से सीमावर्ती मध्य प्रदेश तक आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन का प्रयास अब जमीन पर उतरता दिख रहा है। सोमवार को विधायक ने ग्राम नावली नहर किनारे से बंगरा, रेंढर, लगामपुरा होते हुए मध्य प्रदेश सीमा तक बनने वाली 10.600 किलोमीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसी के साथ विधायक ने मध्य प्रदेश सीमा पर 2 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाने वाले भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन कर विधायक ने प्रतीकात्मक रूप से फावड़े से मिट्टी खोदकर कार्य की शुरुआत की।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि पहले यह सड़क मात्र 3 मीटर चौड़ी थी और समय के साथ क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। जनसमस्याओं को देखते हुए उन्होंने शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप सड़क को 7 मीटर चौड़ा बनाए जाने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कोई भी सड़क जर्जर हालत में नहीं रहने दी जाएगी।
निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए एक वर्ष की समयसीमा निर्धारित की गई है, हालांकि विधायक ने आश्वस्त किया कि गुणवत्ता के साथ इसे समय से पहले पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे और विधायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया।


रिपोर्टर :  राहुल कुमार पटेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.