होली पर्व के नजदीक आते ही मिलावटखोरी पर लगाम

जालौन : होली पर्व के नजदीक आते ही मिलावटखोरी पर लगाम कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार दोपहर 2:30 बजे जालौन के कोंच नगर में व्यापक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने कई किराना दुकानों और मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के आयुक्त और जालौन जिला प्रशासन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर संचालित किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने नगर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस टीम में सुनील कुमार (फूड इंस्पेक्टर), कन्हैया लाल (फूड इंस्पेक्टर, कोंच) और महेश कुमार (फूड इंस्पेक्टर) शामिल रहे।
कई दुकानों से लिए गए खाद्य नमूने
जांच के दौरान टीम ने स्थानीय बाजार की कई दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने लिए।

इस दौरान मनोहर लाल पंसारी की दुकान से सिंघाड़े के आटे का नमूना,
नरोत्तम की दुकान से पापड़ का नमूना, तथा विवेक कुमार चक्की से तेल का नमूना संग्रहित किया गया।
सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विभागीय टीम की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानों पर रखे खाद्य पदार्थों को व्यवस्थित करना शुरू कर दिया। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगामी त्यौहारों तक जारी रहेगा ताकि उपभोक्ताओं को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके।

रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.