सीसीटीवी फुटेज में बुर्का पहनकर जाती दिखने से लोग हैरान

कोंच : कस्बे के एक मोहल्ले से बिसातखाना व्यवसाई की 21 वर्षीय बेटी घर में अकेली बूढ़ी दादी को चकमा देकर घर छोड़ गई। घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। हैरान करने वाली बात यह है कि उक्त युवती बुर्का पहनकर निकली है, ऐसा सीसीटीवी फुटेज बता रहे हैं। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस तत्परता के साथ युवती की तलाश में जुटी है। नगर में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि जाते-जाते युवती घर वालों को लाखों का चूना लगा कर गई है, अपने साथ वह बैग में भरकर लाखों रुपए कीमत के सोने चांदी के जेवर व नकदी ले गई है, बैग इतना भारी कि युवती उसे उठा भी नहीं पा रही थी जिसके चलते उसे एक युवक की मदद बैग ई-रिक्शा में रखवाने के लिए लेनी पड़ी। अलबत्ता परिजनों ने रिपोर्ट लिखाने में इस बात का कोई जिक्र नहीं किया है कि वह घर से लाखों का सामान ले गई है।

जानकारी के मुताबिक कस्बे के एक मोहल्ला निवासी बिसातखाना सामान का कारोबार करने वाले व्यापारी की 21 वर्षीय बेटी एक महानगर में रहकर डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही है। कुछ ही दिन पहले वह कोंच स्थित अपने घर पर आई थी। बुधवार की सुबह घर पर उसकी बुजुर्ग दादी अकेली थीं जो ढंग से देख-सुन भी नहीं पातीं हैं। युवती के माता पिता काम से बाहर गए हुए थे। मौका माफिक देख बूढ़ी दादी को चकमा देकर उक्त युवती बुर्का पहन कर घर से बाहर निकली और ई-रिक्शा में बैठ कर भाग निकली। बताया जा रहा है कि युवती अपने घर से अपने साथ एक बैग लेकर बाहर निकली थी लेकिन बैग का वजन बहुत ज्यादा होने के कारण उससे उठाया भी नहीं जा रहा था सो उसने वहां से गुजर रहे एक युवक की मदद से उक्त थैला ई-रिक्शा में रखवाया और निकल गई। बताया जा रहा है कि बैग में लाखों रुपए कीमत के भारी मात्रा में सोने चांदी के जेवरात व नकदी भरे हुए थे। वह घर के आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में बुर्का पहन कर और थैला लेकर ई-रिक्शा से जाती हुई कैद हुई है। बहरहाल, युवती के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने में मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि परिजनों ने जो तहरीर दी है उसमें जेवर नकदी का कोई हवाला नहीं दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि युवती के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। पूरी गंभीरता के साथ पुलिस की अलग अलग टीमें युवती की बरामदगी के प्रयास में लगी हुई हैं।

रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.