नगर निकायों के विकास को लगेंगे पंख
जालौन : जनपद के शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत प्रस्तुत विभिन्न विकास कार्ययोजनाओं पर गहन मंथन किया गया। विस्तृत परीक्षण और निर्धारित गुणवत्ता मानकों की समीक्षा के उपरांत जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न नगर निकायों के लिए कुल 56 विकास कार्यों को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन परियोजनाओं पर कुल 1030.45 लाख रुपये, यानी लगभग 10.30 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी, जिससे नगरों की सूरत बदलने और नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर होने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्ययोजनाओं के विवरण के अनुसार, नगरपालिका परिषद जालौन के 4 कार्यों के लिए 110.53 लाख रुपये तथा नगरपालिका परिषद कोंच के 25 कार्यों के लिए सर्वाधिक 337.91 लाख रुपये का बजट अनुमोदित किया गया है। इसी प्रकार नगर पंचायत एट के 16 विकास कार्यों हेतु 296.48 लाख रुपये और नगर पंचायत कोटरा के 11 महत्वपूर्ण कार्यों के लिए 285.53 लाख रुपये की धनराशि को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के दायरे में पेयजल आपूर्ति का सुदृढ़ीकरण, आधुनिक सड़क एवं नाली निर्माण, बेहतर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण तथा पार्कों एवं ओपन स्पेस का विकास जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूती देने वाले अन्य निर्माण कार्यों को भी इस योजना में प्राथमिकता दी गई है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि स्वीकृत सभी विकास कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य आवंटन की प्रक्रिया ई-टेंडरिंग के माध्यम से ही संपादित की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही, प्रत्येक कार्य की चरणबद्ध मॉनिटरिंग, भौतिक सत्यापन और कार्य स्थल की फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नगर निकायों का समुचित और सुनियोजित विकास ही शहरी प्रगति का आधार है और इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्वच्छता, सुगम आवागमन तथा प्रकाश व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, चेयरमैन जालौन नेहा मित्तल, चेयरमैन कोंच प्रदीप कुमार गुप्ता, चेयरमैन सियाशरण व्यास सहित विभिन्न निकायों के अधिशाषी अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल

No Previous Comments found.