पं. रामस्वरूप रावत मेमोरियल इंटर कॉलेज में साइबर क्राइम जागरूकता अभियान:
जालौन : बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और युवाओं को सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोंच के ऐट रोड स्थित पं. रामस्वरूप रावत मेमोरियल इंटर कॉलेज में एक विशेष 'साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जालौन पुलिस की ओर से मुख्य अतिथि इंस्पेक्टर राजवीर सिंह और हेड कांस्टेबल राजन ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के अहम टिप्स दिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इंस्पेक्टर राजवीर सिंह ने बताया कि आज के डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के भी साथ अपना ओटीपी (OTP) या बैंक डिटेल शेयर न करने और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखने की सलाह दी। इस अवसर पर हेड कांस्टेबल राजन और पुलिस टीम ने छात्रों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक वेबसाइट (www.cybercrime.gov.in) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि यदि किसी भी छात्र या उनके परिवार के साथ कोई ऑनलाइन धोखाधड़ी (फ्रॉड) हो जाती है,तो वे बिल्कुल न घबराएं, बल्कि तुरंत 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि पुलिस समय रहते मदद कर सके। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रजेन्द्र झा, शिक्षक सचिन झा, अशोक शर्मा, प्रमेन्द्र उपाध्याय, रामजी पटेल आदि शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी छात्र-छात्राओं ने बहुत ही ध्यानपूर्वक पुलिस अधिकारियों की बातें सुनीं। विद्यालय परिवार ने जालौन पुलिस की इस पहल की सराहना की, जिससे बच्चों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं और वे भविष्य में डिजिटल दुनिया का सुरक्षित उपयोग कर सकेंगे।
रिपोर्टर - राहुल कुमार पटेल

No Previous Comments found.