रोजे की फजीलत बयान करते हुए लोगों को तकवा, सब्र और भाईचारे का पैगाम दिया

जालौन - जनपद के कोंच नगर में माहे रमजान के दूसरे जुमे की नमाज शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अकीदत और एहतराम के साथ अता की गई। नगर की प्रमुख मस्जिदों—मस्जिद कुरैशियान, मस्जिद मंसूरान, मस्जिद काजियान, मस्जिद जीनतुल इस्लाम, आस्ताना-ए-कलंदरिया मरकज, जामा मस्जिद तथा तकिया खुर्रमशाह समेत अन्य इबादतगाहों में बड़ी संख्या में नमाजियों ने शिरकत की।

जुमे की नमाज के दौरान हाफिजों और इमामों ने रोजे की फजीलत बयान करते हुए लोगों को तकवा, सब्र और भाईचारे का पैगाम दिया। नमाज के बाद अकीदतमंदों ने गुनाहों से तौबा करते हुए मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए खास दुआएं मांगीं। इमामों ने अपनी तकरीरों में ईद-उल-फितर से पहले सदका-ए-फित्र अदा करने की ताकीद की और कहा कि जरूरतमंदों व गरीबों को त्योहार की खुशियों में जरूर शामिल करें, ताकि समाज में बराबरी और इंसानियत का पैगाम मजबूत हो। आज़ाद नगर स्थित जामा मस्जिद में हाफिज रशीद अहमद कादरी ने जुमे की नमाज अदा कराई। इस अवसर पर इमरान खलीफा,चौधरी मुकीम,इमरान रजा,मुस्किम सल्लुख सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। जुमे की नमाज को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाता रहा। वहीं नगर पालिका परिषद की ओर से सभी प्रमुख मस्जिदों के बाहर साफ-सफाई कराकर चूना डलवाया गया, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। रमजान के दूसरे जुमे पर उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़ ने नगर में आध्यात्मिक माहौल बना दिया और हर ओर इबादत व दुआओं की फिजा नजर आई।

रिपोर्टर - राहुल कुमार पटेल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.