पत्नी और बच्चों को बहला-फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाया

कोंच - पेशे से मजदूर एक व्यक्ति ने उसकी पत्नी और बच्चों को बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए सीओ से शिकायत की है जिसमें उसकी पत्नी और बच्चों को बरामद कराने की गुहार लगाई गई है। मोहल्ला जवाहर नगर कोंच निवासी उक्त मजदूर ने सीओ परमेश्वर प्रसाद को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि 23 फरवरी को उसकी 33 वर्षीय पत्नी सहित 14 वर्षीय बेटी व 5 वर्षीय बेटे को गांव बसोबई थाना मोंठ जिला झांसी निवासी एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। उसकी पत्नी घर में रखे 2 लाख रुपए व सोने के जेवरात भी साथ ले गई है। इसकी शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से की थी लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उक्त मजदूर ने बताया कि अपराधी किस्म का उक्त युवक पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। इससे पहले भी वह कई महिलाओं एवं लड़कियों को बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका जताते हुए उसने सीओ से कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले को लेकर सीओ का कहना है कि कोतवाली पुलिस को जांच कर महिला व दोनों बच्चों को सकुशल बरामद किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरी तत्परता के साथ उनकी खोज करने में लगी हुई है।

रिपोर्टर - राहुल कुमार पटेल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.