महामूर्ख सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर, गल्ला व्यापारी सुशील होंगे महामूर्ख
कोंच : नगर में आगामी 4 मार्च को आयोजित होने वाले महामूर्ख सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुंदेली संस्कृति एवं लोक कला संवर्धन संस्थान, कोंच के तत्वाधान में होने वाले इस रंगारंग कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए संस्था के पदाधिकारियों के अलावा इसमें सहभागिता करने वाले अन्य सहयोगी भी व्यापक तैयारियों में जुटे हैं। इस बार महामूर्ख वरिष्ठ गल्ला व्यापारी सुशील मास्टर को चुना गया है। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए रविवार को कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर सिंह ने बारात मार्ग और कार्यक्रम स्थल केरलगंज का निरीक्षण किया।
संस्थान के पदाधिकारी सम्मेलन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने में जुटे हैं। प्रशासन भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्क दिखाई दे रहा है। निरीक्षण के दौरान बारात के निर्धारित रूट का विस्तार से अवलोकन किया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार सम्मेलन की बारात मंडी परिसर स्थित पवनसुत इंटरप्राइजेज से प्रारंभ होगी। इसके बाद बारात मार्कंडेश्वर तिराहा, रेलवे फाटक, सागर चौकी, स्टेट बैंक, लवली चौराहा होते हुए केरलगंज स्थित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी। कोतवाली प्रभारी ने मार्ग में संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर संस्थान से जुड़े पदाधिकारी हरिश्चंद्र तिवारी, चुने गए महामूर्ख सुशील पटेल मास्टर, अंशुल मिश्रा, बंटे राठौर, महेंद्र दीवोलिया, पंचम पटेल सहित तमाम लोग मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने की बात कही। नगर में आयोजित होने जा रहे इस अनूठे सम्मेलन को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल
No Previous Comments found.