गैस एजेंसियों के निरीक्षण पर निकले डीएम-एसपी, उपभोक्ताओं से संवाद कर परखीं व्यवस्थाएं
उरई (जालौन) : जनपद में एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने उरई स्थित छीरसागर स्थित भारत गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने न केवल गैस सिलेंडरों के भंडारण और वितरण रजिस्टरों की जांच की, बल्कि एजेंसी परिसर में मौजूद उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर जमीनी हकीकत भी जानी। जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए उपभोक्ताओं को किसी भी स्थिति में परेशानी नहीं होनी चाहिए और होम डिलीवरी के माध्यम से निर्बाध आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से फीडबैक लेते हुए उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कई बार तकनीकी कारणों से उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी प्राप्त नहीं हो पाता, जिससे बुकिंग में बाधा आती है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए उन्होंने वैकल्पिक माध्यमों जैसे आईवीआरएस, मिस्ड कॉल, गूगल पे, फोन पे और व्हाट्सएप के जरिए बुकिंग की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए ताकि कोई भी पात्र उपभोक्ता सेवा से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का निस्तारण त्वरित आधार पर किया जाना सुनिश्चित हो।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा मानकों और एजेंसी के आसपास सुचारु यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से गैस एजेंसी संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं उपभोक्ताओं ने सीधे संवाद के दौरान अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने अंत में दोहराया कि आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल

No Previous Comments found.