कड़े पहरे में संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा, डीएम और एसपी ने केंद्र-केंद्र जाकर परखीं व्यवस्थाएं...
जालौन : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिन जनपद में पूरी तरह शांतिपूर्ण, नकल विहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा को पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें पूरी तरह मुस्तैद नजर आईं। शनिवार को आयोजित इस परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने स्वयं मोर्चा संभाला और प्रथम व द्वितीय, दोनों पालियों के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमले ने जनपद के प्रमुख परीक्षा केंद्रों, जिनमें आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डी०ए०वी० कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज तथा सनातन धर्म इंटर कॉलेज शामिल हैं, का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों के साथ-साथ प्रवेश द्वारों पर तलाशी अभियान और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को भी परखा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने केंद्रों पर स्थापित कमांड कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता देखते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा कक्षों और परिसर की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। साथ ही, उन्होंने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय और प्रकाश की उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के मोर्चे पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि केंद्र के भीतर और बाहर प्रभावी सुरक्षा घेरा सुनिश्चित किया जाए ताकि अभ्यर्थी शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी परीक्षा दे सकें। आंकड़ों पर गौर करें तो प्रथम पाली में पंजीकृत 2400 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1677 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 723 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में 2400 में से 1673 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और 727 अभ्यर्थी परीक्षा से दूर रहे। गौरतलब है कि भर्ती बोर्ड की यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आगामी परीक्षा दिवस पर भी इसी प्रकार की सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि संपूर्ण प्रक्रिया निर्विवाद और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल
No Previous Comments found.