हाथों में ईंटें लेकर धरने पर बैठे मोहल्लेवासी

कोंच : कस्बे के उरई रोड स्थित नहर कॉलोनी में निर्माणाधीन अंबेडकर पार्क में गुणवत्ता विहीन काम को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट कर सड़क पर आ गया। पार्क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए दोपहर में मोहल्लेवासी हाथों में ईंटें लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि अंबेडकर पार्क के निर्माण के लिए सरकार द्वारा पर्याप्त धनराशि आवंटित की गई है, इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है और घटिया ईंट, सीमेंट व अन्य सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे पार्क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। धरने पर बैठे लोगों ने बताया कि यदि इसी तरह से निर्माण कार्य जारी रहा तो पार्क जल्द ही क्षतिग्रस्त हो जाएगा और सरकारी धन की बर्बादी होगी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि यह पार्क क्षेत्र के बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों के लिए बनाया जा रहा है, लेकिन इसके निर्माण में हद दर्जे की लापरवाही बरती जा रही है। इलाकाई लोगों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले ही एसडीएम से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी से नाराज होकर मोहल्ले के लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग की। धरना दे रहे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में ईंटें लेकर प्रतीकात्मक विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। धरने पर बैठे लोगों में अखंड प्रताप सिंह,गोविंद, भानुप्रताप, शशांक, गोविंद, जितेंद्र, ब्रजेश, अजय, सीताराम, प्रकाश बाबा, वीरेंद्र और प्रदीप सहित मोहल्लेवासी मौजूद रहे। वहीं इस पूरे मामले पर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। संबंधित अवर अभियंता अरुण कुमार को बुलाया गया है और जल्द ही मौके का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : राहुल कुमार पटेल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.