ठेकेदार ने पालिका पर उसके भुगतान नहीं करने के लगाए गंभीर आरोप
जालौन - कोंच नगरपालिका के एक ठेकेदार ने पालिका पर उसके द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों का भुगतान नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को आयोजित तहसील स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करते हुए उसने लंबित भुगतान शीघ्र कराए जाने के लिए प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की है। समाधान दिवस में पुलिस, राजस्व विभाग, ब्लॉक कार्यालय आदि से जुड़ी कुल 11 शिकायतें आईं जिनमें मौके पर 8 शिकायतें निस्तारित कर दी गईं। उपजिलाधिकारी/प्रभारी तहसीलदार वीरेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आराजी लेन कोंच निवासी वृद्ध महिला नूरजहां ने शिकायती पत्र देकर बताया कि सेंट्रल बैंक मुख्य शाखा में उसका खाता संचालित है। बैंक कर्मी उसके खाते की केवाईसी के नाम पर उसे नाहक ही टहला रहे हैं जिससे उसे वृद्धावस्था जैसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उसने मामले में कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। नगर पालिका के ठेकेदार जितेंद्र सिंह निवासी सुभाष नगर ने ठेकेदारी के तहत विकास काम पूर्ण कराने के बाद भी नगरपालिका द्वारा उसका भुगतान न किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। मोहल्ला गांधीनगर निवासी महिला बबली राठौर ने समाधान दिवस में शिकायत की है कि 2 अप्रैल को वह झांसी गई हुई थी जबकि उसका बेटा घर पर था। इसी दौरान बेटे ने घर पर रखी स्कूटी बाहर निकाल ली और पैदल ही वह स्कूटी को ढड़काने लगा। गली में कुछ ही दूरी पर वार्ड के सभासद महेंद्र कुशवाहा की चार पहिया कार खड़ी हुई थी। तभी बगैर किसी बात के सभासद ने अपनी पत्नी को उकसा दिया और सभासद की पत्नी ने उसके बेटे को तीन-चार थप्पड़ मार दिए। हालांकि सभासद महेंद्र कुशवाहा का कहना है कि शिकायतकर्ता महिला के बेटे ने अपनी स्कूटी से उसकी खड़ी कार में टक्कर मारकर कार का वंपर तोड़ डाला। मारपीट के आरोप गलत हैं। प्रभारी अधिकारी ने एक-एक कर सभी शिकायतों को गंभीरता के साथ सुन कर उनका यथोचित निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान आपूर्ति निरीक्षक मनोज तिवारी, एसडीओ विद्युत रवींद्र कुमार, ईओ नगर पालिका मोनिका उमराव, मंडी निरीक्षक राहुल, एडीओ देवेंद्र निरंजन, सीडीपीओ कोंच प्रभारी भारती आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - राहुल कुमार पटेल


No Previous Comments found.