भारी बरसात में त्रिपाल के नीचे हुआ अंतिम संस्कार, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
जालौन - कुठौंद पंचायत नौरेजपुर में बुधवार को उस समय माहौल गमगीन हो गया,जब गुजरात से एक युवक का शव गांव पहुंचा। गांव में श्मशान घाट की व्यवस्था न होने के कारण परिजनों को मूसलाधार बारिश के बीच त्रिपाल लगाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा। ग्राम नौरेजपुर निवासी देवेंद्र पाल 36 (पुत्र सियाराम पाल) गुजरात के पालनपुर में रहकर पेंट (कलर) का काम करते थे। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को गुजरात के एक सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुधवार सुबह उनका शव गांव पहुंचा तो परिजनों के साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
लगातार हो रही बारिश के बीच गांव में श्मशान घाट न होने से अंतिम संस्कार में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने बारिश से बचाव के लिए त्रिपाल लगाकर किसी तरह अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की।
देवेंद्र पाल अपने पीछे पत्नी, छह वर्षीय पुत्र और चार वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से दोनों मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों ने गांव में श्मशान घाट की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।
रिपोर्टर - निखिल तिवारी
No Previous Comments found.