पवन खेड़ा का तीखा हमला, बोले— देश में चल रहा अघोषित आपातकाल!
नई दिल्ली (29 अक्टूबर 2026): जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) कैंपस में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर भड़की हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा 13 जनवरी 2027 तक फिजिकल क्लासेस बंद करने के फैसले पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा प्रहार करते हुए इसे "अघोषित आपातकाल" का नाम दिया है।
"78 दिनों तक यूनिवर्सिटी ठप, छात्रों का अपराध क्या है?"—पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "भारत जिस अघोषित आपातकाल के दौर से महीनों से गुजर रहा है, उसने अब जामिया मिलिया इस्लामिया में अधिक औपचारिक रूप ले लिया है। यूनिवर्सिटी को 13 जनवरी तक—यानी आज से 78 दिनों के लिए प्रभावी रूप से बंद कर दिया गया है।" खेड़ा ने सवाल उठाया कि छात्रों का अपराध क्या था? क्या अनुच्छेद 19(1)(c) के तहत अपना लोकतांत्रिक अधिकार मांगना और चुनी हुई छात्र परिषद की मांग करना अपराध है? उन्होंने कहा कि यह युवाओं के प्रति बीजेपी की नफरत और विरोध के डर को दर्शाता है।
24 नवंबर तक ऑनलाइन क्लासेस, 13 जनवरी से खुलेंगे फिजिकल कैंपस
यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा जारी नए शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार, 24 नवंबर तक कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से चलेंगी। 25 से 30 नवंबर के बीच प्रैक्टिकल और वाइवा ऑनलाइन होंगे, जबकि 1 से 24 दिसंबर के बीच ऑनलाइन थ्योरी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 25 दिसंबर से 12 जनवरी 2027 तक शीतकालीन अवकाश (Winter Vacation) रहेगा, जिसके बाद ही छात्र भौतिक रूप से कैंपस लौट सकेंगे।

No Previous Comments found.