जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटने से तबाही: फसलें और संपत्ति को भारी नुकसान
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुई तेज बारिश और बादल फटने की घटना ने पूरे इलाके में हालात बिगाड़ दिए हैं। अचानक आई इस आपदा से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई जगहों पर नुकसान की गंभीर तस्वीर सामने आई है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

भलेसा के खलजुगासर क्षेत्र में बादल फटने के बाद अचानक पानी का तेज बहाव आ गया, जिससे आसपास के खेतों और कृषि भूमि को भारी क्षति पहुंची है। खड़ी फसलें नष्ट हो गई हैं और सेब सहित अन्य फलदार बागानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। इसके साथ ही कई घरों और निजी संपत्तियों को भी नुकसान होने की सूचना है।

लगातार बारिश के चलते कई सड़क मार्ग बाधित हो गए, जिससे भट्यास क्षेत्र का संपर्क कुछ समय के लिए अन्य इलाकों से टूट गया। वहीं कश्तीगढ़ इलाके में भी मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गए और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासनिक टीमें हालात पर नजर रखे हुए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
No Previous Comments found.